रेलवे में नौकरी के चक्कर में DMC अस्पताल में वार्ड ब्वाय को लगा 5 लाख का चूना, जानिए पूरा मामला

रेलवे में नौकरी का झांसा दे दो लोगों ने अपने साथ काम करने वाले युवक के पिता से 5 लाख रुपये ठग लिए। अब थाना सलेम टाबरी पुलिस ने दोनों के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।

एसआई कश्मीरा सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान पखाेवाल रोड के गांव दाद निवासी तेजपाल तथा धांधरां रोड के एसबीएस नगर की गली नंबर 21 निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने सलेम टाबरी के न्यू अशोक नगर की गली नंबर-7 निवासी राम संजीवन की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया।

फरवरी 2020 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में उसने बताया वो हौजरी में लेबर का काम करता है। उसका बेटा राज कुमार डीएमसी अस्पताल में वार्ड ब्वाय के पद पर कार्यरत है। आरोपित तेजपाल तथा संताेष कुमार भी वहीं पर सफाई कर्मचारी का काम करते हैं। दोनों ने उसे झांसा दिया कि उनकी रेलवे में जान पहचान है। वाे उसकी वहां नौकरी लगवा सकते हैं। मगर उसके लिए उसे 5 लाख रुपये खर्च करने पड़ेेंगे।

उनकी बातों में आकर 15 मई 2018 में उन्हें 5 लाख रुपये दे दिए गए। मगर बाद में न तो उन लोगों ने उसकी नौकरी लगवाई और न ही उसके रुपये लौटाए। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने आरोप सही पाए जाने पर आरोपितों पर केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी। डीए लीगल की राय लेने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।