लुधियाना के शिमला पुरी में ईएसआइ की डिस्पेंसरी का ताला तोड़ चोरों ने की लाखों चोरी

लुधियाना, लुधियाना में शिमला पुरी इलाके में स्थित ईएसआइ की डिस्पेंसरी के ताले तोड़ कर घुसे चोरों ने लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब बुधवार सुबह काम करने वाला स्टाफ वहां पहुंचा। सूचना मिलने पर पहुंची थाना शिमला पुरी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

एएसआइ गुरिंदर सिंह ने बताया कि उक्त केस डाक्टर संगीता की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि वो शिमला स्थित ईएसआइ की डिस्पेंसरी नंबर 7 में वो सीनियर मेडिकल आफिसर है। मंगलवार के दिन छुट्टी के बाद स्टाफ समेत वो डिस्पेंसरी काे ताले लगा कर अपने अपने घरों को चले गए। बुधवार सुबह जब डिस्पेंसरी के वर्कर ने वहां पहुंच कर गेट खोला तो देखा कि डिस्पेंसरी के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। अंदर पड़ा सारा सामान बिखरा पड़ा था।

अंदर चेक करने पर पता चला कि चोर वहां से एक लैपटाप, एलसीडी, एक्साइड की बड़ी बैटरियां, 8 छोटी बैटरियां, प्रिंटर, बैटरी स्टैंड, माइक्रोवेव तथा एक टैबलेट चोरी करके ले गए हैं। गुरिंदर सिंह ने कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामला की जांच कर रही है।