पंजाब: ननिहाल आया बच्चा छत पर खेलते बिजली की तारों के चपेट में आ गया, 70 फीसद झुलसा बच्चा

दिल्ली से ढंडारी कलां की मक्कड़ कालोनी में अपने ननिहाल आया बच्चा छत पर खेलते हाइटेंशन बिजली की तारों के चपेट में आ गया। जोरदार धमाके से करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह 70 फीसद झुलस गया। गंभीर हालत में इलाज के लिए उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया।

14 वर्षीय साहिल 15 दिन पहले अपनी मां निशी देवी के साथ दिल्ली से लुधियाना आया था। उसके पिता सतिंदर सिंह तथा बड़ा भाई सूरज दिल्ली में ही हैं। घटना वीरवार सुबह करीब 11 बजे की है। साहिल खेलते हुए अचानक छत पर चला गया। उसी समय जोरदार धमाके की आवाज सुन कर निशी देवी छत की और भागी ताे देखा के उसका बेटा झुलसी हालत में छत पर गिरा हुआ था। उसके कपड़ों में भयानक आग लगी हुई थी। उसने शोर मचा कर लोगों को जमा किया। लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। एंबूलेंस में डाल कर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का पता चलने पर पुलिस की टीम भी माैके पर पहुंच गई और छानबीन करने में जुट गई।

2006 में साहिल की नानी  की करंट से हाे गई थी माैत
———–
साहिल के नाना उपेंद्र यादव ने बताया कि 2006 में साहिल की नानी लुटन देवी की भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वो भी छत पर किसी काम से कई और उसे करंट लग गया। सीएमसी में इलाज के दौरान 5 दिन बाद उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद एक मजदूर के बेटे मिंटू की गेंद छत पर चली गई। जब वो उसे उठाने के लिए गया तो करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घरों की छत से महज डेढ़ से दो फीट की उंचाई पर तारें
——–
इलाके में रहने वाले लोगों का आरोप है कि बिजली की हाईटेंशन तारें उनके घरों की छत से महज डेढ़ से दो फीट की उंचाई से गुजर रही हैं। उनकी वजह से आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। जबकि उस तरफ से पूरी तरह लापरवाह हो चुके बिजली विभाग अधिकारियों ने यह सब देखने के बाद भी अपनी आंखें बंद कर रखी हैं।