आदिवासी जमीन मसले पर सदन में हंगामा, लोबिन हेम्‍ब्रम ने दी धमकी….

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज फिर सदन में हंगामा हुआ। आदिवासी जमीन के हस्तांतरण के मसले पर सदन गरमाया। पक्ष विपक्ष के अधिकतर विधायक स्‍पीकर के आसन के सामने पहुंचे। इस दौरान पक्ष-विपक्ष के विधायकों के बीच विधानसभा की कमेटी बनाने को लेकर जोरदार बहस हुई। सरकार के जवाब से विधायक संतुष्ट नहीं हुए। सभा की कार्यवाही 12.45 तक के लिए स्थगित कर दी गई।

गोड्डा में चयनित 26 आंगनबाड़ी सेविका सहायिका को सालभर बाद भी ज्वाइनिंग नहीं कराने और डीसी-डीडीसी का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने, व्यवहार सही नहीं रहने पर विधायक लोबिन हेम्ब्रम अनशन पर बैठ गए थे। विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने विधानसभा अध्यक्ष को इसकी सूचना दी। अध्यक्ष के निर्देश पर मंत्री बादल पत्रलेख और विधायक विरंची नारायण उन्हें मनाकर सदन में लाए। सदन में आकर विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने धमकी दी कि अगर दोषी अफसरों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दिखा दूंगा।

इधर, केंद्रीय कृषि कानून पर चर्चा के पूर्व भाजपा के विधायक काला कुर्ते, काला टी-शर्ट और काली कमीज पहनकर सदन पहुंचे। बाबूलाल मरांडी और सीपी सिंह के अलावा सभी के कपड़े काले हैं। अपर्णा सेन गुप्ता काली साड़ी में आई हैं। झारखंड माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक सदन में पेश हुआ। इसकी सदन से स्वीकृत मिली। इसके बाद विपक्ष का हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष ने कहा कि इस विधेयक पर राज्यपाल की अनुमति आवश्यक है। मंत्री ने कहा कि फाइल में अनुमति ली गई है। वहीं, कृषि बिल पर चर्चा शुरू होते ही भाजपा विधायकों का हंगामा शुरू हो गया। विधायक वेल में पहुंच गए।