
शाहकोट में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। मल्लियांवाला आरा गांव में बच्चे की बीमारी के कारण परेशान हरजिंदर सिंह की पत्नी नवप्रीत कौर ने अपने छह महीने के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। एसएचओ सुरिंदर कुमार ने बताया कि बच्चे समरप्रीत के पिता हरजिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पिछले चार साल से दुबई में काम कर रहा था। कुछ दिन पहले ही गांव आया था। उसके छह महीने के बच्चे का शारीरिक व मानसिक विकास नहीं हो रहा था। बीते दिनों उन्होंने उसे डाक्टरों को भी दिखाया था, जहां डाक्टरों ने बच्चे का स्वास्थ्य अच्छा बताया था। उसकी पत्नी बच्चे के स्वास्थय को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी कारण नवप्रीत कौर ने बीते महीने आत्महत्या की कोशिश भी की थी।

वीरवार को वह गांव से बाहर गया था और घर के लोग मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे। इस दौरान नवप्रीत कौर ने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर अपनी कलाई की नस काट ली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित मां के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ेंः स्कूल से पेपर देकर निकले छात्र को साथियों ने पीटा
जालंधर। विजय नगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल के छात्र के साथ अन्य छात्रों ने मारपीट की। घायल छात्र अजय को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हरबंस नगर निवासी अजय ने बताया कि वीरवार को उसका पेपर था। वह पेपर देकर स्कूल से निकला। रास्ते में कुछ अन्य युवकों ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों से घायल कर दिया। लोगों के इकट्ठा होने पर हमलावर भाग गए। उसका आरोप था कि हमलावर छात्र उससे रंजिश रखते हैं। सूचना मिलते ही थाना दो की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।