छत्तीसगढ़: क्रिकेट मैच से बढ़ा कोरोना संक्रम, बिना मास्क अब स्टेडियम में एंट्री पर रोक

नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के टी-20 क्रिकेट मैचों के दौरान उमड़ रही भीड़ कोरोना के फैलाव का कारण बन रही है। मैच देखकर लौटे कई लोग कोरोनाग्रस्त पाए गए हैं। इसके कारण आयोजकों की परेशानी बढ़ गई है।

सोमवार को पूरे राज्य में 605 मरीज मिले तो अकेले राजधानी में मरीजों की संख्या 200 से अधिक रही। इस स्थिति को देखते हुए में मैच में दर्शकों की संख्या घटाने पर विचार किया जा रहा है। आयोजकों ने फिलहाल कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए निर्धारित संख्या में दर्शकों को अनुमति देकर मैच करवाने का फैसला लिया है।

इंडिया लीजेंड्स के मैच में भीड़ को देखते हुए सेमीफाइनल और फाइनल में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उच्च स्तरीय बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बिना मास्क के किसी को भी स्टेडियम में प्रवेश नहीं देने को कहा गया है। वहीं मैच देखने के दौरान भी मास्क लगाए रखने को कहा गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि बिना मास्क के मैच देखने न जाएं। अंदर भी मास्क लगाए रखें।

नियमों की अनदेखी करने वालों का कटेगा चालान

बिना मास्क न तो स्टेडियम में दर्शक प्रवेश कर सकेंगे और न ही मैच देख सकेंगे। इसके अलावा नियमों की अवहेलना करने वालों का चालान काटा जाएगा। कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने मंगलवार को आगामी सेमीफाइनल और फाइनल बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। बुधवार को होने वाले 17 और 19 मार्च को सेमीफाइनल और 21 को फाइनल मैच में बढ़ने वाले दर्शकों की संभावना को मद्देनजर रखते हुए कोरोना कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनने के साथ शारीरिक दूरी बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने मैच देखने वाले दर्शकों से अपील की है कि क्रास मार्किंग वाले सीटों में नहीं बैठे और निर्धारित कोरोना के नियमों का पालन करें।

स्टेडियम में प्रवेश करने के दौरान इन बातों का रखना होगा ध्यान

– स्टेडियम के अंदर पहुंचने के बाद भी मास्क लगाए रखें।

– एक कुर्सी के बाद दूसरी कुर्सी में क्रास मार्किंग है, जिसमें दर्शकों को नहीं बैठना है।

– जरा भी सर्दी-बुखार लगे तो मैच देखने न जाएं। लाइव टीवी में मैच देख सकते हैं।

– प्रवेश करते समय थर्मल स्केनिंग करवाएं।

– प्रवेश करने के दौरान शारीरिक दूरी का पालन करें।

‘बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। क्षमता के अनुसार ही टिकट वितरण के निर्देश दिए गए हैं। जो कोरोना की गाइड लाइन का पालन नहीं करता, उस पर चालानी कार्रवाई करने विभाग को कहा गया है।’