
पंजाब में कोरोना की तीसरी लहर और घातक होती जा रही है। बुधवार को इसने Government Medical College Amritsar में एंट्री कर ली है। यहां MBBS कर रहे 20 Students संक्रमित मिले हैं। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की कक्षाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। पता चला है कि ये स्टूडेंट्स राजस्थान घूमने गए थे। कुछ दिन पहले वहां से पिकनिक मनाकर लौटे थे। कॉलेज प्रशासन ने इन्हें पिकनिक पर जाने से रोका था पर वे नहीं माने। कॉलेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इन्हें नोटिस जारी किया है। बता दें कि मंगलवार को अमृतसर में चार मरीजों की मौत के साथ 118 नए पॉजिटिव केस मिले थे।

बठिंडा के राजिंदरा कॉलेज में 8 स्टाफ सदस्यों सहित 35 पॉजिटिव
इधर, बठिंडा में भी सरकारी राजिंदरा कॉलेज में भी कोरोना का प्रकोप फैल गया है। यहां आठ स्टाफ सदस्यों समेत 35 लोग कोरोना वायरस संक्रमित मिले हैं।
पंजाबः मंगलवार को इस साल एक दिन में सर्वाधिक 38 मौतें
बता दें कि पंजाब में कोरोना वायरस की तीसरी लहर तेजी से फैल रही है। इससे पहले, मंगलवार को एक ही दिन में 38 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 घंटे में 1475 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 12616 हो गई। बड़े मामलों में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और सांसद सुखबीर बादल कोरोना संक्रमित पाए गए। इस बीच सरकार ने पंजाब के 10 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। 12वीं तक सभी स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं एक महीने के लिए स्थगित कर दी गई हैं।