किरायेदारों की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने वाले मकान मालिकों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, चार को किया गिरफ्तार

किरायेदारों की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने वाले मकान मालिकों पर दूसरे दिन भी पुलिस का शिकंजा कसता रहा। रविवार पुलिस ने चार ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने किराएदारों की वेरिफिकेशन कराने के पुलिस के आदेश को हलके में लिया। आरोपितों के खिलाफ चार केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है

थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने मोहर सिंह नगर निवासी साहिबप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। एएसआइ प्यारा लाल ने बताया कि आरोपित ने अपने मकान में रखे किसी भी किरायेदार की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराई थी। थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने महाराजा रणजीत सिंह पार्क की गली नंबर 3 निवासी चमन लाल को गिरफ्तार किया। एएसआइ गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपित ने अपने किसी किराएदार की पुलिस वेरिफेकशन नहीं कराई है।

थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने ही मोहल्ला फतेहगंज की गली नंबर 1 निवासी विनोद कुमार सहगल को गिरफ्तार किया। आरोपित ने भी अपने किसी किरायेदार की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराई थी। थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने छावनी मोहल्ला निवासी गौरव सिडाना को गिरफ्तार किया। एएसआइ हरदीप सिंह ने बताया कि आरोपित ने अपने मकान में रखे 16 किराएदारों को बिना पुलिस वेरिकेशन रखा हुआ है।

गाैरतलब है कि शहर के एक बेहड़े में कुछ दिन पहले बिहार के एक युवक ने प्रेम प्रसंग में महिला के दाे बच्चाें की हत्या कर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद ही पुलिस ने किरायेदाराें की वेरिफिकेशन काे लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।