झारखंड: जमीन विवाद में भाई ने भाई को पीटा, पति-पत्‍नी दोनों हुए जख्मी

रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर देवी मंडप रोड में बड़े भाई, भतीजे और अज्ञात हमलावरों के हमले में एक दंपत्ति बुरी तरह घायल हो गया है। घायलों का रिम्स में इलाज चल रहा है। वहीं, मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों को ढूंढ़ रही है। घटना 10 मार्च की है। शाम सात बजे के आसपास रमेश चंद्र त्रिपाठी का एक ही घर में रह रहे बड़े भाई सुनील दत्त त्रिपाठी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

बात इतनी बढ़ी कि सुनील दत्त तिवारी ने अपने दो बेटों अंकित अनुराग और शुभम व अन्य के साथ मिलकर अपने छोटे भाई की जमकर पिटाई कर दी। इससे रमेश चंद्र दत्त बुरी तरह लहुलुहान हो गए। यह हाल देखकर रमेश की पत्नी बिंदु जब बीच बचाव करने पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हो हंगामा सुनकर आसपास के लोग जुटे तो सभी वहां से भाग निकले।

लहूलुहान अवस्थ में पति-पत्नी को रिम्स में भर्ती कराया गया। यहां दोनों का इलाज चल रहा है। रमेश के संबंधी के अनुसार घटना को लेकर सुखदेवनगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस ने शुभम को गिरफ्तार कर लिया है वहीं अन्य आरोपित फरार हैं। बताया कि दोनों भाइयों में काफी दिनों से जमीन-मकान को लेकर विवाद था। सुनील एवं उसके परिवार वालाें ने प्लानिंग कर घटना को अंजाम दिया है।