झारखंड: करणी सेना की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजेता वर्मा आजसू में हुई शामिल

करणी सेना की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं युवा सहयोग समिति, झारखंड की अध्यक्ष विजेता वर्मा ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ आजसू का दामन थाम लिया है। आजसू के हरमू स्थित मुख्यालय में विजेता वर्मा ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की। आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो ने इस मौके पर कहा कि विजेता वर्मा एवं उनके समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से सामाजिक न्याय आंदोलन को और बल मिलेगा। इस मौके पर विजेता वर्मा ने कहा कि उन्हें आजसू पार्टी की नीति और सिद्धांतों पर पूर्ण भरोसा है।

आजसू पार्टी युवाओं की पार्टी है और युवा सहयोग समिति के माध्यम से झारखंड के युवाओं को हक एवं अधिकार दिलाने की मुहिम के प्रयास जो उन्होंने शुरू किए थे, उसे अब और बल मिलेगा। मिलन समारोह में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, केंद्रीय प्रवक्ता जयंत घोष, महिला प्रदेश अध्यक्षा वायलट कच्छप, रांची महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा, महिला मोर्चा की केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी, संतोष कुमार सोनी इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।