झारखंड: जंगल की आग बुझाने के लिए वन विभाग ने बनाया अग्नि रोधक दस्ता

गर्मियों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बहुत होती हैं। आग पर काबू पाने के लिए इस बार वन विभाग ने अग्नि रोधक दस्ते का गठन कर दिया है। यह अग्नि रोधक दस्ता अब जंगल में आग लगने की सूचना पर फौरन मौके पर पहुंचेगा और वहां आग बुझाएगा। साथ ही जंगलों में गश्त कर यह देखेगा कि कहीं आग तो नहीं लगी है। महिलाओं में रेंज के रेंजर आरके सिंह ने अग्निरोधक दस्ते का गठन किया है। गौरतलब है कि रांची के आसपास के जंगलों में गर्मियों में आग बहुत लगती है। असामाजिक तत्व या ग्रामीण जंगल में आग लगाते हैं।

इससे जंगली क्षेत्र में झाड़ी छोटे-छोटे पेड़ पौधे जलकर नष्ट हो जाते हैं। जंगली जानवरों खरगोश, सियार और अन्य जीव-जंतुओं को छिपने की जगह नहीं मिलती। ग्रामीण होली के मौके पर फगुआ खेलने जंगल में जाते हैं और शिकार करने जंगल में जाते हैं और वहां आग लगा देते हैं। इससे आग फैलती है। जंगल में आग ना लगे और लगे तो उसे फौरन बुझाया जाए इसी के लिए अग्नि निरोधक दस्ते का गठन किया गया है। अग्नि निरोधक दस्ता ग्रामीण इलाकों में जाकर जागरूकता अभियान भी चलाएगा कि लोग जंगल में आग न लगाएं। उन्हें यह बताया जाएगा कि आग लगने से कितना नुकसान होता है।