रांची में स्‍टेट बैंक के पास बुजुर्ग से दिनदहाड़े डेढ़ लाख की लूट, लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस

रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास से अपराधियों ने एक बुजुर्ग से डेढ़ लाख रुपये छीन कर भाग गए। तुपुदाना शाखा से सुशील तिर्की नामक बुजुर्ग अपने अकाउंट से डेढ़ लाख रुपये की निकासी कर अपने बेटे के साथ बाइक में पीछे बैठकर बसारगढ़ स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैंक से कुछ ही दूरी पर अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने इनके हाथ से रुपयों का थैला छीन लिया और तुपुदाना की ओर भाग गए।

बुजुर्ग और उनका बेटा हल्ला करते हुए अपराधियों का पीछा किया, लेकिन अपाचे बाइक पर सवार अपराधी तेजी से भाग गए। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तुपुदाना शाखा में टाइगर के दो जवानों की दिनभर ड्यूटी रहती है। इस साहसिक तरीके से घटना को अंजाम देकर लुटेरों ने पुलिस को चुनौती दी है। मामले की जानकारी भुक्तभोगी ने तुपुदाना ओपी में आकर पुलिस को दी। जानकारी पाकर पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। पुलिस लुटेरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अब तक लुटेरों का कहीं कोई अता पता नहीं चला है। बाइक सवार दोनों लुटेरे हेलमेट पहने हुए थे।