
सरकारी कर्मचारियों को मंत्रालय ले जा रही सिटी बस सोमवार सुबह रिंग रोड़ पर सड़क दुर्घटना का शिकार हुई। कर्मचारियों को मंत्रालय ले जा रही बस को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे एक कर्मचारी को चोटें आई हैं। वहीं, घटना के बाद बस में सवार कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के कांच फूट गए।

घटना रिंग रोड नंबर एक पर कुशालपुर, चंगोरा भाठा चौक के पास सोमवार सुबह हुई। पुलिस के मुताबिक राइट साइड से एक ट्रक ने सिटी बस को टक्कर मारी है। घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था। गनीमत है कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बस में लगभग 40 से अधिक कर्मचारी सवार थे।
चूंकि बस की रफ्तार कम थी। वहीं, पीछे से आ रहे ट्रक ने भी गति को नियंत्रित कर लिया था, जिसकी वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया। इस हादसे के बाद गुस्साए मंत्रालयीन कर्मियों ने बस को रोककर ट्रक को घेर लिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई। इसकी वजह से रिंग रोड पर लंबा जाम लग गया था।
इसके साथ ही पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की क्यूआरटी टीम भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि इस दुर्घटना में केवल एक कर्मी को मामूली चोट आई है, शेष सभी सुरक्षित हैं। बाद में सभी कर्मचारियो को दूसरे बस से रवाना किया गया।
इससे पूर्व मंत्रालय में घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने भी पुलिस को सक्रिय करायाा। कर्मचारियों को सुरक्षित दूसरे वाहन में भेजने के बाद जाम से लोगों को राहत मिली।