छत्तीसगढ़: सरेराह थप्पड़ मारने से आहत किशोरी ने की खुदखुशी, युवक के खिलाफ FIR दर्ज

अपनी सहेली से बात कर रही एक किशोरी को पड़ोस के युवक ने सवा महीने पहले सरेराह थप्पड़ मार दिया था। इससे आहत होकर किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। इसके बाद छावनी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। परिवार वालों के बयान के बाद पुलिस ने अब आरोपित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बताया कि 18 नंबर रोड कैंप-1 निवासी मुस्कान विश्वकर्मा (13) ने बीते 28 दिसंबर 2020 की भोर में तीन से चार बजे के बीच फांसी लगा ली थी। घटना के एक रात पहले 27 दिसंबर की रात को मुस्कान अपनी एक सहेली के साथ अपने घर के पास बैठ कर बात कर रही थी। इसी दौरान आरोपित पवन गुप्ता वहां पहुंचा था और उसने उसे चार थप्पड़ मार दिया था।

आरोपित ने मुस्कान से कहा था कि वो जिस लड़की से बात कर रही थी, वो उसे पसंद नहीं है। इसलिए उससे बात न करे। सार्वजनिक तौर पर इस तरह के बर्ताव और थप्पड़ मारे जाने से आहत होकर किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका कक्षा आठवीं की छात्रा थी और 27 दिसंबर 2020 की रात को खाना खाने के बाद अपनी सहेली से बात कर रही थी।

पुलिस ने परिवार वालों का बयान लिया था और उसकी बड़ी बहन दिव्यानी विश्वकर्मा की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अभी तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।