10 फरवरी तक बुक करा सकते हैं जमशेदपुर के बिरसानगर में पीएम आवास

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बिरसानगर में बन रहे पीएम आवास के लिए बुकिंग करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 10 फरवरी 2021 निर्धारित कर दी गई है।

जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि बिरसानगर में 705 करोड़ की लागत से बनने वाले 9592 आवासों के लिए 12011 लोगों ने आवेदन दिया है। इसके लाभुकों का पंजीकरण यानि रजिस्ट्रेशन का कार्य 18 दिसंबर 2020 से शुरू हो गया था। इसी बीच उन्होंने नए लोगों के लिए भी आदेश निकाल दिया था, कि वैसे जरुरतमंद लोग जो किसी कारणवस पीएम आवास के लिए अपना आवेदन नहीं भर पाए हों, वैसे लोग अपना आवेदन अक्षेस कार्यालय में आकर भर सकते हैं। यही कारण है कि अब तक नए लोगों को आवेदन भरने का समय दिया गया जो बढ़ाकर अब 10 फरवरी कर दिया गया है।

रजिस्‍‍‍‍‍‍‍‍ट्रेशन शुल्‍क पांच हजार रुपये

कृष्ण कुमार ने बताया कि पंजीकरण शुल्क 5000 रुपये है। विशेष पदाधिकारी ने बताया कि लाभुकों को बैंक में जाकर 5000 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद वेरिपिकेशन के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के कार्यालय में आना होगा।

पंजीकरण कराने के लिए यह लाना होगा कागजात

पीएम आवास के इच्छुक लाभार्थी अपने पूरे परिवार का आधार कार्ड की स्व सत्यापित छायाप्रति, लाभार्थी का वोटर कार्ड की स्व सत्यापित छायाप्रति (जमशेदपुर क्षेत्र अंतर्गत), लाभार्थी का बैंक पासबुक की स्व सत्यापित छायाप्रति, लाभार्थी का एक फोटो, लाभार्थी का आय प्रमाण पत्र लाना जरूरी है।