छत्तीसगढ़: नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से करीब आठ लाख रुपये की हुई ठगी

राजधानी रायपुर के एक युवक ने नौकरी तलाशने के लिए ऑनलाइन पोर्टल में अपना रिज्यूम जमा किया था। शातिर ठग ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से करीब आठ लाख रुपये ठग लिए। ठगी का यह मामला डीडीनगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। महादेवघाट निवासी अनिल वर्मा ने बताया कि उसे सीमेंट कंपनी में बतौर सीनियर मैनेजर परचेस के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर आठ लाख रुपए ऐंठ लिए गए।

अनिल ने पुलिस को बताया को दो अज्ञात मोबाइल धारकों ने खुद को होप विजन संस्था का एचआर मैनेजर बताते हुए सीमेंट कंपनियों के लिए कंसल्टेंसी का कार्य करना बताया और नुवको विस्टा सीमेंट कंपनी में नौकरी दिलवाने की बात कही। आरोपितों ने अनिल से सर्विस इंटरव्यू, दस्तावेजों की जांच, कंसल्टेंसी सहित कंसेंट लेटर के नाम पर किस्तों में आठ लाख रुपये ले लिए।

इस दौरान जब अनिल ने ज्वाइनिंग लेटर की मांग की, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे और अब उन्होंने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों सहित ट्रासंफर किये गए बैंक खाता धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की जा रही है।

रायपुर में लगातार ठगी की घटनाओ को लेकर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी की तलाश में आप भी कही ऑनलाइन ठगी का शिकार ना हो जाएं, इसलिए जरूरी है कि सतर्क रहें व ठगों से सावधान रहें। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर विश्वास न करें और खुद भी पूरी छानबीन करें।