रायपुर पुलिस ने बिहार गैंग के तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, जल्द राजफाश करेगी पुलिस

राजधानी रायपुर के उरला इलाके में डीके मोबाइल शॉप में 16 और 17 जनवरी की दरमियान रात हुई सात लाख के मोबाइल चोरी का गुरुवार शाम पुलिस पर्दाफाश करने जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात में शामिल बिहार गिरोह के तीन सदस्यों को वैशाली नगर, बिहार से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अफसरों ने बताया कि उरला पुलिस और साइबर सेल की टीम बिहार से तीन शातिर चोरों को गुरुवार सुबह रायपुर लेकर आ गई है।

पुलिस ने चोरी की इस घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है और उसे भी साथ में लाया गया है। पुलिस के मुताबिक, दस दिन पहले कार से आए तीन चोरों ने उरला मेन रोड़ पर डीके मोबाइल शॉप में धावा बोलकर वहां से सात लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए थे। चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देकर गिरोह के बदमाश बिहार वापस लौट गए थे।

दुकान से चोरों ने सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी उखाड़ लिया था। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज से ही चोर गिरोह का सुराग पुलिस को मिला और बिहार जाकर तीन चोरो को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। शाम को गिरोह का रायपुर पुलिस राजफाश करेगी।