
टाटा-रांची मार्ग पर चौका थाना क्षेत्र के दिरलंग के पास सड़क किनारे खड़े टैंकर से स्कार्पियो टकरा गई जिससे इसमें सवार चार लोग घायल हो गए। घटना से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से चौका थाना की पुलिस ने घायलों को चांडिल अनुमंडल अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। इनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना गुरुवार सुबह की है। स्कार्पियो वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे वाहन में आगे बैठे लोग दुर्घटना के बाद काफी समय तक वाहन में ही फंसे रह गए। किसी तरह उन्हें निकाला गया। घायलों में दिनेश प्रजापति, मिथलेश राम, दिलीप प्रजापति और विपिन सिंह समेत अन्य शामिल है। वाहन सवार गढ़वा से पश्चिम बंगाल के खड़गपुर की ओर जा रहे थे। चौका में टैंकर को स्कार्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना की जानकारी पर चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। चौका थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया।
जिंदा जल गए थे बाइक सवार
टाटा-रांची मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग घायल हो रहे हैं। असमय मौत के मुंह में समा रहे हैं। विगत 13 जनवरी को चौका के पातकुम में बाइक सवार पेड़ से टकरा गए थे जिससे बाइक में आग लग गई थी। ईचागढ़ के युवक समल सोरेन की जिंदा जलने से मौत हो गई थी।