
चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव ने झारखंड हाई कोर्ट में अपना जवाब दाखिल कर दिया है। लालू की ओर से उनके अधिवक्ता देवर्षि मंडल ने जवाब हाई कोर्ट में दाखिल किया है। उन्होंने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद लालू की जेल में रहने की अवधि की पूरी रिपोर्ट अदालत में दाखिल की गई है। इसमें कहा गया है कि लालू प्रसाद यादव ने दुमका कोषागार मामले में 42 माह 23 दिन जेल में बिताए हैं, जो कि सजा की आधी अवधि होती है। ऐसे में उन्हें जमानत मिलनी चाहिए।

इसके साथ ही लालू की ओर से जमानत पर जल्द सुनवाई के लिए झारखंड हाई कोर्ट से विशेष आग्रह किया गया है। दरअसल, लालू प्रसाद यादव को सीबीआइ कोर्ट ने दुमका कोषागार मामले में 7 साल की सजा सुनाई है। ऐसे में लालू की ओर से आधी सजा पूरी करने और बीमारी का हवाला देते हुए झारखंड हाई कोर्ट से जमानत की गुहार लगाई गई है। बता दें कि लालू प्रसाद यादव को 4 मामलों में सजा मिल चुकी है। इसमें से 3 मामलों में उन्हें हाई कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।
अगर दुमका कोषागार मामले में उन्हें जमानत मिलती है तो वह जेल से बाहर आ जाएंगे। हालांकि लालू प्रसाद यादव की तबीयत खराब होने के चलते उन्हें रिम्स से दिल्ली स्थित एम्स भेज दिया गया है। यहां पर उनका इलाज चल रहा है। देवर्षि मंडल ने कहा कि एम्स से मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद उसे भी हाई कोर्ट में दाखिल किया जा सकता है।