
अगर आप महानकर की गुरु नानकपुरा रेलवे क्रासिंग होकर कहीं जाने की सोच रहे हैं तो सावधान हो जाएं। यहां पहुंचकर आपको भारी परेशानी का सामना ही करना पड़ेगा। रेलवे ने रविवार सुबह से इसे बंद करके रखा है। अचानक क्रासिंग बंद होने कारण कारण सुबह-सुबह यहां पहुंचे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी है। दरअसल, रेलवे ने दिल्ली-अमृतसर रेलखंड पर स्थित गुरु नानक पुरा रेलवे क्रॉसिंग की लेवलिंग ठीक करने के लिए फाटक को रविवार सुबह 11 घंटे के लिए बंद कर दिया है।

शाम छह बजे तक आवाजाही बंद रहेगी
रेलवे क्रॉसिंग से निकल रहे अप-डाउन रेलवे ट्रैक के मध्य लगी इंटरलॉक टाइलों को उखड़ा है और ट्रैक को दुरुस्त किया जा रहा है। मौके पर मौजूद रेलवे मुलाजिमों के मुताबिक रेलवे क्रॉसिंग को शाम छह बजे सामान्य ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा और उससे पहले रिपेयर का तमाम काम निपटा लिया जाएगा। इसलिए जालंधर के लोग तब तक यहां से गुजरने से परहेज करें।
वाहन चालकों को उठानी पड़ी भारी परेशानी
रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर दिए जाने के चलते राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। पीएपी सर्विस लेन बंद हो जाने के चलते अमृतसर एवं पठानकोट हाईवे पर पहुंचने के लिए शहर के अंदरूनी हिस्से से आने वाले वाहन चालक गुरु नानक पुरा रोड को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर उपयोग करते हैं। रविवार को क्रांसिंग बंद होने के कारण वाहन चालकों को रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक आकर वापस लौटना पड़ा।
हालांकि क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर एक मुलाजिम लोगों को क्रॉसिंग बंद होने की सूचना देने के लिए तैनात किया गया था। बावजूद इसके लोग अनजाने में यहां पहुंचते रहे। बता दें कि पिछले रविवार को जालंधर छावनी-कटरा रेलखंड पर स्थित लद्देवाली रेलवे क्रॉसिंग को लेवलिंग के लिए बंद किया गया था। तब भी लोगों को इसी तरह की परेशानी उठानी पड़ी थी।