छत्तीसगढ़: राशनकार्ड, आबादी पट्टा के लिए आवेदन लेने के लिए दुर्ग के पोटिया में निगम ने लगाया शिविर

गरीबों के लिए चलाई जा रही सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने दुर्ग निगम द्वारा इन दिनों अलग-अलग वार्डों में शिविर लगाया जा रहा है। बुधवार को पोटिया स्थित प्राथमिक शाला परिसर में शिविर लगाया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक-53 व वार्ड क्रमांक-54 के रहवासियों को बुलाया गया है। दुर्ग निगम क्षेत्र में करीब महीने भर से इस तरह के शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को पोटिया प्राथमिक शाला में लगाए गए शिविर में वार्ड क्रमांक-53 व वार्ड क्रमांक-54 के रहवासी शामिल हुए।

शिविर में निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद हैं। यहां नया राशन कार्ड बनाने, निराश्रित पेंशन कार्ड, मजदूर कार्ड, पट्टा नवीनीकरण और नया पट्टा बनाने आवेदन लिया जा रहा है। शिविर शाम 5.30 बजे तक चलेगा। शिविर में उपस्थित वार्ड क्रमांक-54 के पार्षद अनुप चंदानियां ने बताया कि सरकार द्वारा गरीबों के लिए कई तरह की योजनाओं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई जरूरतमंद इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। शिविर में ऐसे लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में दोनों वार्ड के करीब 40-50 लोग पहुंचे हैं। उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा मंगलवार को दुर्ग निगम के वार्ड क्रमांक-51 व 52 में इस तरह के शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में राशन कार्ड बनाने, मजदूर कार्ड व पट्टा नवीनीकरण सहित अन्य योजनाओं के लिए करीब 25 हितग्राहियों ने आवेदन किया।

स्लम स्वास्थ्य शिविर भी लगाया

दुर्ग निगम द्वारा इससे पहले निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत भी शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर का आयोजन किया जा चुका है। आने वाले दिनों में यह शिविर पुन: आयोजित किया जाएगा। महापौर धीरज बाकलीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत स्लम बाहुल्य क्षेत्र में मोबाइल वैन भेजा गया।

इसमें मौजूद चिकित्सकों व स्टाफ द्वारा लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें निश्शुल्क दवाईयां बांटी गई। इसके अलावा लोगों को शुगर,बीपी,खून सहित अन्य तरह की जांच भी की गई। महापौर ने बताया कि स्लम बस्ती में रहने वाले लोग स्वास्थ्य जांच को लेकर ध्यान नहीं देते। राज्य सरकार ने ऐसे लोगों के स्वास्थ्य की चिंता करतने हुए उक्त योजना को प्रारंभ किया है।