भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक प्रकाश का बयान, हेमंत राज में झारखंड की बेटियां सुरक्षित नहीं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राज में झारखंड की बेटियां सुरक्षित नहीं है। प्रदेश के हर कोने में यहां की बेटियों की इज्जत तार-तार हो रही है। झारखंड सरकार कांग्रेस के स्क्रिप्ट पर चल रही है। यह सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। यह बात बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इटखोरी में कहीं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष यहां के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने आए थे।

मंदिर में पूजा के पश्चात पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल में झारखंड की वर्तमान सरकार के पास उपलब्धि दिखाने के लिए कुछ नहीं है। बल्कि एक वर्ष के दौरान सरकार ने बदनामी खूब बटोरी है। राज्य के हर क्षेत्र में बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। उनकी हत्याएं हो रही है। फिर भी सरकार कान में उंगली डालकर सोई हुई है।

पूरे राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला कायम हो गया है। अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। जनता की फरियाद कोई नहीं सुन रहा है। पूरे प्रदेश में अराजकता का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार कांग्रेस के स्क्रिप्ट पर चल रही है। कांग्रेस पार्टी से जो टास्क मिल रहा है उसी को यह सरकार पूरा करने में अपना समय जाया कर रही है। विपक्ष की भूमिका के सवाल पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की हर नाकामी का पूरी ताकत के साथ विरोध कर रही है।

भाजपा के कार्यकर्ता पंचायत स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक इस सरकार की जन विरोधी नीतियों का डटकर विरोध कर रहे हैं। भाजपा के द्वारा झारखंड सरकार को अस्थिर करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसा कोई कृत्य यहां नहीं करेगी। हेमंत की सरकार जितने दिन झारखंड में रहेगी, भाजपा को उतना ही लाभ मिलेगा। हालांकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सोरेन की सरकार के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर संदेश जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी।

इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मां भद्रकाली मंदिर के अलावा पंचमुखी हनुमान, शनि देव महाराज एवं सहस्र शिवलिंग मंदिर में भी जाकर पूजा की। मंदिर आगमन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, जयप्रकाश सिंह भोक्ता, जिला परिषद सदस्य दिलीप कुमार साव, भाजपा के जिला महामंत्री मृत्युंजय सिंह, पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र राम, प्रखंड अध्यक्ष देव कुमार सिंह, ऋषिबाला, रतन शर्मा, रामदेव सिंह भोक्ता, उपप्रमुख संतोष कुमार साव, बसंत नारायण सिंह, डोमन राणा, सीताराम दांगी, रणधीर सिंह, गोपाल सिंह, अजय सिंह, अक्षयवट पांडेय आदि ने स्वागत किया।