
राजधानी रायपुर में प्रेमी-प्रमिका के बीच हो रहे विवाद पर हस्तक्षेप करना एक नाबालिग लड़की को महंगा पड़ गया। विवाद कर रहे प्रेमी ने नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल नाबालिग को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि नरदहा निवासी आरोपित तेजराम साहू अपनी प्रेमिका को घुमाने की जिद कर रहा था। उसी दौरान उनके बीच हो रहे विवाद पर बीच-बचाव करने पहुंची सहेली के साथ आरोपी तेजराम का विवाद हो गया। उसने चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले के बाद नाबालिग को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक नारदहा निवासी तेजराम साहू (22) और उसकी महिला मित्र के बीच घूमने जाने को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच विवाद होता देख महिला मित्र की नाबालिग सहेली बीच-बचाव कराने को पहुंची थी। जिसके बाद विवाद बढ़ा और तेजराम साहू ने नाबालिग के गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। हमला करने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
परिजनों की शिकायत पर आरोपी तेजराम के खिलाफ थाना विधानसभा में हत्या के प्रयास की धारा-307 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। इध्ार, गंभीर रूप से घायल लड़की का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि वह खतरे से बाहर है। फिलहाल, चिकित्सकों की निगरानी में उसे रखा जाएगा ताकि इंफेक्शन आदि का खतरा न रहने पाए।