लुधियाना के शेरपुर कलां इलाके में बदमाशों ने दुकान में घुसकर की मारपीट, नकदी छीन हुए फरार

शेर पुर कलां इलाके में सब्जी की दुकान में घुसे 10 लोगों ने दुकानदारों पर हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद आरोपित वहां से 68 हजार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची थाना मोती नगर पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद मक्खन, रोशन, राजू चाय वाला व उनके सात अज्ञात साथियों पर केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।

हवलदार कुलदीप सिंह ने बताया कि उक्त केस मुंडियां कलां निवासी हरि शंकर की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप सिंह ने बताया कि शेर पुर कलां आरती स्टील के सामने उसकी सब्जी की दुकान है। लोहड़ी की रात को वह और उसका साथी गोबिंद दुकान बंद करके पीछे बने दफ्तर में बैठ कर हिसाब किताब कर रहे थे। इस दौरान दुकान के अंदर घुस आए आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोपितों ने हरि शंकर की कमीज की जेब में पड़े 35 हजार व पेंट की पीछे वाली जेब में पड़े 15 हजार रुपये निकाल लिए। गोबिंद जब उसे छुड़ाने के लिए आगे आया तो आरोपितों ने उस पर भी हमला कर दिया। आरोपित मारपीट कर घायल करने के बाद उसकी जेब में पड़ी 18 हजार रुपये की नकदी निकाल कर फरार हो गए।