कोरोना वायरस संक्रमण और बर्ड फ्लू के खतरे से बचने के लिए करें यह जरूरी काम

राजधानी दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की सर्दी हो रही है, जिसके चलते लोग बीमार हो रहे है। वहीं, सर्दी में कोरोना संक्रमण और बर्ड फ्लू का खतरा भी तेजी से फैल रहा है। ऐसे में करोलबाग के निजी अस्प्ताल की डाक्टर शिवानी शर्मा का कहना है कि इन दिनों लोगों को बिल्कुल भी लापरवाही नहीं करना चाहिए। ठंड से बचने के लिए पूरे कपड़े पहने। साथ ही नवजात बच्चों को सर्दी व कोरोना से बचाकर रखें। लोगों को इन दिनों बिल्कुल भी बाहर का खाना नहीं खाना चाहिए। घर के बने खाने को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिसमें चिकन शामिल नहीं करना चाहिए।

वहीं, गर्भवती महिलाएं इन दिनों रोजाना सुबह 45 मिनट का व्यायाम जरूर करें, जो उनके और होने वाले बच्चे के लिए अच्छा होगा। डॉक्टर शिवानी शर्मा ने कहा कि व्यायाम करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से कोरोना संक्रमण और सर्दी से बच सकता है। उन्होंने कहा कि आम दिनों में भी लोग को योग या जिम करना चाहिए, जिससे शरीर का पसीना बाहर निकलता और शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा भी बढ़ती है। इससे बीमार व्यक्ति जल्दी स्वस्थ होता है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीज भी इन दिनों 45 मिनट तक रोजाना योग करते हैं, जिसके बल पर वह आसानी से बीमारी से जंग जीतने में सक्षम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हर व्यक्ति को अपनी खुद की जिम्मेदारी समझनी होगी। लोग को घर के पास वाली जगह जाने या घर से नीचे जाने में भी मास्क का प्रयोग करना चाहिए। मास्क ही कोरोना में सबसे बड़ा हथियार है। जो इस बीमारी से बचाने में हमारी मदद करता है। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसी चीजों को सेवन करना चाहिए, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सके। इसके लिए विटामिन सी और डी का शरीर में जाना बहुत जरूरी है।