
जिले की मुंडियां चौकी में महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले हवलदार पर थाना जमालपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला से मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ वीडियो बनाने वालों को भी पुलिस ने उसी एफआईआर में नामजद किया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
एएसआई जतिंदर कुमार ने बताया कि आरोपितों की पहचान मुंडियां खुर्द की टिब्बा कालोनी निवासी मेवा सिंह, उसकी पत्नी पम्मी, बेटी पूजा, बेटा बिंदा, परमजीत कालोनी निवासी ममता तथा हवलदार राकेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने मोगा कालोनी के न्यू सुंदर नगर निवासी पीड़ित महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 5 दिसंबर की रात उक्त आरोपित उसके घर आए। उन लोगों ने पीड़िता पर अवैध संबंधों का आरोप लगा उससे अमानवीय मारपीट की। उसके कपड़े फाड़ कर उसका वीडियो बनाया। देर रात उसे नग्न हालत में ही थाना जमालपुर के अंर्तगत आती मुंडियां चौकी ले जाया गया। जहां पुलिस ने उसके, उसके पति तथा पति के दोस्त के साथ मारपीट की। उस समय वहां कोई महिला पुलिस कर्मी नहीं थी। रात डेढ़ बजे आरोपित हवलदार उसे यह बोल कर चौकी के ऊपरी मंजिल में ले गया कि वहां महिला पुलिस मुलाजिम ने उससे पूछताछ करनी है।
महिला का आरोप है कि ऊपरी मंजिल पर जाकर देखा तो वहां कोई महिला पुलिस कर्मी नहीं थी। वहां हवलदार ने उसके साथ जबरदस्ती दुुष्कर्म किया। उसे नग्न हालत में सुबह 4 बजे तक वहीं पर रखा गया। उसके बाद उसे यह धमकी देकर भगा दिया गया कि अगर उसने किसी के सामने मुंह खोला तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। जतिंदर कुमार ने कहा कि सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।