
थाना सराभा नगर पुलिस ने स्कूटर पर झपटमारी की वारदातें करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से झपटे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके बुधवार काे अदालत में पेश किया गया। जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।

एएसआइ ज्ञान सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान बचितर नगर की गली नंबर-1 निवासी गुरकंवल सिंह तथा जनता कालोनी निवासी रवि कुमार के रूप में हुई। पुलिस को मंगलवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर इलाके में झपटमारी की वारदातें करते हैं। आज भी दोनों झपटे गए मोबाइल फोन बेचने के लिए बाड़ेवाल रोड की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान दोनों को काबू कर लिया गया। पुलिस दोनों का पुराना रिकार्ड खंगाल रही है। उनसे की जा रही पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना हैं।
केबल टीवी दफ्तर का ग्रिल तोड़ 2 हजार चोरी
लुधियाना। शिमला पुरी के चिमनी रोड इलाके में केबल टीवी के दफ्तर में लोहे की ग्रिल तोड़ कर घुसे चोर वहां से 2 हजार रुपये की नकदी चोरी करके ले गए। घटना का तब पता चला, जब अगली सुबह दफ्तर के मालिक वहां पहुंचे। सूचना मिलने पर पहुंची थाना शिमला पुरी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेेने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एएसआई जरनैल सिंह ने बताया कि उक्त केस शिमला पुरी की गली नंबर 13 निवासी राकेश कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि 28 दिसंबर की रात वो दफ्तर बंद करके घर चला गया। अगली सुबह आकर देखा तो दफ्तर की छत पर लगी ग्रिल टूटी हुई थी। चेक किया तो गल्ले में पड़ी 2 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हो चुकी थी। जरनैल सिंह ने कहा कि आरोपित का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।