छत्तीसगढ़: छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो बना कर एक साल से ब्लैकमेल कर रहा था बस ड्राइवर

एक निजी स्कूल के कक्षा 11वीं की छात्रा को उसी स्कूल का बस ड्राइवर पिछले साल भर से ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपित के पास छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो है। वो उसे वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग कर रहा था। करीब साल भर पहले छात्रा ने अपने घर से 10 हजार रुपये चोरी कर आरोपित को दिए भी थे। इसके बाद आरोपित और 10 हजार रुपये मांग रहा था।

रविवार की शाम को आरोपित, छात्रा के घर पर पहुंच गया था। छात्रा ने शोर मचाया तो उसके घर वाले वहां पहुंचे। घर वालों को देखकर आरोपित वहां से फरार हो गया। इसके बाद ये मामला स्मृति नगर चौकी पहुंचा। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छेड़खानी, उगाही, धमकाने और पाक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बताया कि न्यू दीनदयाल कालोनी जुनवानी निवासी 16 वर्षीय किशोरी सेक्टर-6 के एक स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा है। खुर्सीपार निवासी आरोपित टी शंकर राव उसी स्कूल में बस चलाने का काम करता था। छात्रा को आरोपित ही स्कूल लाता और वापस घर छोड़ता था। दोनों के बीच इसी दौरान जान-पहचान बढ़ी थी। भरोसा जीतकर आरोपित ने छात्रा से उसका अश्लील वीडियो ले लिया था और उसी के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने शुरू किया।

आरोपित उसे धमकी देता था कि यदि वो उसे रुपये नहीं देगी तो उसके वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर देगा। रविवार की शाम को आरोपित छात्रा के घर पहुंचा और रुपये न मिलने पर घर में घुसकर उससे जबरदस्ती करने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपित वहां से भाग गया। आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस आरोपित के खुर्सीपार स्थित घर पर भी दबिश दे चुकी है, लेकिन वो अभी तक फरार है।