शादी का झांसा देकर घुड़सवारी सीखने गई छात्रा के साथ प्रशिक्षक ने किया दुष्कर्म, गर्भवती पीडि़ता ने दर्ज कराया केस

रांची के मोरहाबादी इलाके की रहने वाली छात्रा से उसके घुड़सवार प्रशिक्षक ने न केवल दुष्कर्म किया बल्कि शादी का झांसा देकर लगातार यौन शोषण करता रहा। चार माह की गर्भवती पीडि़ता ने रांची के महिला थाने में यौन शोषण का केस दर्ज कराया है। केस दर्ज होने के बाद महिला थाने की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी कोरोना जांच के बाद उसे जेल भेज दिया जाएगा। बताया गया कि गिरफ्तार आरोपित एक बड़े बिल्‍डर परिवार का है। आरोपित को बचाने के लिए पुलिस के पास उसकी पैरवी भी आई।

आरोपी राजेश कुमार सिंह रांची के कोकर सदर थाना क्षेत्र के हैदर अली रोड का रहने वाला है। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि घुड़सवारी सिखाने के लिए ओरमांझी ले जाकर राजेश कुमार ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर डरा-धमका कर चुप करा दिया और शादी का प्रस्ताव दिया। इससे वह उसके झांसे में आ गई। वह बिना किसी को कुछ बताए उससे शादी के इंतजार में रही। उधर, आरोपित शादी करने से लगातार टाल-मटोल करता रहा। इस बीच पीडि़ता गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने रांची के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया।

बिल्डर के परिवार का है आरोपित

बताया गया कि आरोपित एक बड़े बिल्डर का रिश्तेदार है। इस वजह से पुलिस इस मामले में कुछ भी जानकारी देने से बचती रही। इधर, महिला थाने में भी खूब पैरवी का दौर चला लेकिन पीडि़ता केस दर्ज कराने पर अड़ी रही। आखिरकार मामले में केस दर्ज किया गया। शुक्रवार को आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद उसे हिरासत में रखा गया । शनिवार को उसकी कोरोना जांच के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्‍वीकार की है। महिला थाना प्रभारी श्रीति कुमारी ने मामले के संबंध में कुछ भी बताने से इन्‍कार किया।