लगातार चौथे दिन पेट्रोल और डीजल के दामों में नहीं कोई फेरबदल, सेंसेक्स 46 हजार के पार

नई दिल्ली: शेयर बाजार आज फिर रिकाॅर्ड बनाता दिख रहा है. बाॅम्बे स्टाॅक एक्सचेंज का सेंसेक्स 101 अंकों की तेजी के साथ 46,060.32 पर खुला है. शुक्रवार को लगातार चौथे दिन पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई फेरबदल नहीं हुआ. दिल्ली में शुक्रवार को भी पेट्रोल 83.71 रुपये पर तो डीजल 73.87 रुपये प्रति लीटर पर टिका रहा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में थोड़ी मजबूती देखी जा रही है. ब्रेंट क्रूड ऑयल 50 डाॅलर प्रति बैरल से ऊपर चल रहा है. यहां पढ़ें कारोबार जगत की बड़ी खबरें.

नए ऐतिहासिक रिकाॅर्ड पर 46 हजार के पार खुला सेंसेक्स-

शेयर बाजार आज फिर रिकाॅर्ड बनाता दिख रहा है. बाॅम्बे स्टाॅक एक्सचेंज का सेंसेक्स 101 अंकों की तेजी के साथ 46,060.32 पर खुला है. इसी तरह नेशनल स्टाॅक एक्सचेंज का निफ्टी 34 अंकों की तेजी के साथ 13,512.30 पर खुला है.

10 महीने की ऊंचाई पर ONGC के शेयर-

तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के शेयर दस महीने की ऊंचाई पर पहुंच गये हैं. शुक्रवार को बीएसई में कारोबार के दौरान ओएनजीसी के शेयर 101 रुपये तक पहुंच गये. यह गुरुवार की बंद कीमत के मुकाबले 10.26 फीसदी ज्यादा है. फरवरी के बाद यह शेयर की सबसे ज्यादा कीमत है.

15 दिसंबर को आएगा मिसेज बेक्टर्स फूड का आईपीओ-

मिसेज बेक्टर्स का आईपीओ 15 दिसंबर को खुलेगा और 17 दिसंबर को बंद हो जाएगा. 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर का प्राइस बैंड 286- 288 रुपये प्रति शेयर पर निर्धारित किया गया है. कंपनी की करीब 450-500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है.

MSME में निवेश का नितिन गडकरी ने किया आह्वान-

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एमएसएमई में निवेश के लिए प्रवासियों से अनुरोध किया है. उनका कहना है कि एमएसएमई अच्छा काम कर रहे हैं और यदि इसमें कोई निवेश करेगा तो उसे अच्छा रिटर्न हासिल होगा. एक वर्चुअल प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने यह बात कही.