बीजेपी अध्‍यक्ष नड्डा के बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जायेंगे पश्चिम बंगाल

नई दिल्‍ली: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह के इस महीने के आखिर में पश्चिम बंगाल जाने की उम्मीद है। यह एक महीने के भीतर शाह की दूसरी बंगाल यात्रा होगी। हालांकि तारीखों की घोषणा की जानी बाकी है, लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि अमित शाह 19 से 20 दिसंबर तक दो दिनों के लिए राज्य का दौरा कर सकते हैं।

पूर्व भाजपा अध्यक्ष पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा लेंगे। बीजेपी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा 10-11 दिसंबर तक बंगाल दौरे पर हैं। नड्डा की यात्रा के बाद से तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़े स्‍तर पर जुबानी जंग हो रही है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि टीएमसी के गुंडों ने अपने पार्टी अध्यक्ष के काफिले पर पथराव किया, जब वह गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में डायमंड हार्बर क्षेत्र की ओर जा रहे थे।

पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि कथित तृणमूल समर्थकों द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय और पार्टी नेता अनुपम हाजरा के वाहनों पर भी हमला किया गया। विजयवर्गीय की कार पर पत्थरों से हमला करने का वीडियो भी बीजेपी ने ट्वीट किया था।

इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष के काफिले पर हमले की घटना बीजेपी पार्टी के सदस्यों द्वारा की गई थी।

बनर्जी ने यहां एक किसान रैली में कहा, आपके (नड्डा के) काफिले में 50 कारें थीं, उसके बाद मीडिया की 30 कारें और 40 मोटरबाइक्स थीं, जोकि होम (पुलिस) पोर्टफोलियो में भी हैं। “तो क्या यह योजनाबद्ध थी?”

तृणमूल प्रमुख ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि एक राज्यसभा सांसद जो सीआईएसएफ, सीआरपीएफ जैसे अर्धसैनिक बलों द्वारा संरक्षित है, उन पर हमला कैसे किया जा सकता है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नड्डा की राज्य की यात्रा के दौरान कथित “गंभीर सुरक्षा चूक” को लेकर बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी।

उन्होंने कहा, “बंगाल तृणमूल शासन के तहत अत्याचार, अराजकता और अंधेरे के युग में उतरा है। टीएमसी शासन के तहत पश्चिम बंगाल में जिस तरह से राजनीतिक हिंसा को संस्थागत रूप दिया गया है और चरम पर लाया गया है, वह दुखद और चिंताजनक है।”

शाह ने 5 से 6 नवंबर तक दो दिनों के लिए पश्चिम बंगाल का दौरा किया था और 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी संगठन का जायजा लेने के लिए बांकुरा और कोलकाता में पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कीं।