नई दिल्ली. शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) की हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से हुई मुलाकात को लेकर शनिवार को उनकी आलोचना की थी. उन्होंने अमरिंदर पर बीजेपी (BJP) के आगे समर्पण कर देने तक का आरोप लगाया था. इस पर मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, ‘मैं बादल की तरह न तो कायर हूं और न ही गद्दार हूं.’

एनडीटीवी के अनुसार सीएम अमरिंदर ने कहा, ‘किसानों के साथ विश्वासघात करने के कारण पूरी तरह अलग-थलग पड़े बादल अपने फरेब को छुपाने के लिए बौखलाहट में ऐसी हरकतें कर रहे हैं.’ सुखबीर सिंह बादल की ओर से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के संबंध में लगाए गए आरोप पर अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘मेरे खिलाफ ईडी के मामलों में नया क्या है, जो मैं अचानक डरने लग जाऊंगा.’
अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘बादल और शिरोमणि अकाली दल सत्ता के इतने भूखे हो गए हैं कि पाकिस्तान से पंजाब की सुरक्षा के खतरे को लेकर भी उन्होंने आखें बंद कर रखी हैं? क्या आप यह कह रहे हैं कि हमारे बहादुर जवानों ने पंजाब सीमा पर जो हथियार, गोलाबारूद और ड्रोन पकड़े हैं, वो खतरा नहीं है. ऐसा लग रहा है कि सुखबीर बादल पूरी तरह से बौखला गए हैं.’
बता दें कि सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया था कि अमरिंदर सिंह किसानों के आंदोलन को राष्ट्रीय सुरक्षा से कथित रूप से जोड़कर भाजपा की पटकथा को दोहरा रहे हैं. अमरिंदर सिंह को दिल्ली तलब किया गया था और उनसे कहा गया था कि वह प्रवर्तन निदेशालय और किसानों के साथ विश्वासघात के बीच एक को चुनें, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने बीजेपी के आगे समर्पण कर दिया है.
बता दें कि मुख्यमंत्री अमरिंदर ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री और प्रदर्शन कर रहे किसानों से अपील की थी कि वे नए कृषि कानूनों पर जल्द कोई समाधान तलाशें, क्योंकि इससे पंजाब की अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित हो रही है.