
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता और इसके लिए आवश्यक कोल्ड चेन की स्थापना के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्टोरेज क्षमता को 15 दिसंबर तक बढ़ाकर 2.30 लाख लीटर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले व मंडल स्तर पर कोरोना वैक्सीन के स्टोरेज के लिए कोल्ड चेन की व्यवस्था की जाए। पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर वैक्सीन की सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएं, जिससे वैक्सीन की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीन स्टोरेज स्थल की सुरक्षा बिल्कुल उसी प्रकार से सुनिश्चित की जाए, जिस प्रकार से चुनाव के दौरान ईवीएम की सुरक्षा की जाती है। वैक्सीन लगाने के लिए बड़ी संख्या में मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाए।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में मौजूद कोल्ड चेन की क्षमता 90 हजार लीटर है, इसे बढ़ाकर 2.30 लाख लीटर करने की आवश्यकता है। इस संबंध में तेजी से काम किया जा रहा है। क्षमता वृद्धि के इस लक्ष्य को 15 दिसंबर तक हासिल कर लिया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी, औद्योगिक एवं अवस्थापना आयुक्त आलोक टंडन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई व सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा डा. रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री व सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव पशुपालन भुवनेश कुमार, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।