नवंबर माह में ही टूटा एयर पोल्यूशन का रिकार्ड, सबसे खतरनाक लेवल 496 पर पहुंचा नजफगढ़ का AQI

नई दिल्ली. आतिशबाजी (Firecrackers) के त्योहार दीवाली (Diwali) में अभी 10 से 12 दिन बाकी हैं. लेकिन नवंबर के पहले हफ्ते में ही वायु प्रदूषण का रिकार्ड टूट गया है. दिल्ली का ऐसा कोई इलाका नहीं है जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के आंकड़े को ना छू रहा हो. नजफगढ़ में तो एक्यूआई 496 पर पहुंच गया है. गौरतलब रहे कि एक्यूआई मापने वाले मीटर में आखिरी अंक 500 होता है. इसके बाद कोई अंक नहीं है. वायु प्रदूषण (Air Pollution) के इस लेवल को कम करने के लिए जगह-जगह स्माॉग गन (Smog Gun) का इस्तेमाल किया जा रहा है.

विजिबिलिटी सुधरी तो AQI लेवल हुआ सीवियर-

दिल्ली में एक्यूआई ख़तरनाक स्तर पर पहुँच गया है. दिल्ली में वो तमाम जगहें जहाँ पर वायु प्रदूषण मापा जाता है एक्यूआई सीवियर हालात में पहुंच गया है. कल के मुकाबले आज विजिबिलिटी में सुधार है, लेकिन प्रदूषण का लेवल बहुत ज़्यादा बढ़ गया. दिल्ली में सबसे खराब हालात नजफगढ़ के हैं. यहां एक्यूआई 496 के अधिकतम लेवल पर है. इस लेवल को लेकर विशेषज्ञों ने भी फिक्र जताई है. उनका कहना है कि इस लेवल की हवा आंखों में बीमारियां पैदा करेगी और शरीर के सबसे अहम हिस्से दिल और फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचाएगी.

एक नज़र में दिल्ली के चार अहम इलाके-

आईटीओ-

दिल्ली के आइ्रटीओ पर प्रदूषण का स्तर अक्सर काफ़ी ज़्यादा नज़र आता है, आज भी इस जगह पर एक्यूआई के मुताबिक़ pm2.5 का स्तर 300 के पार है जिसे बेहद ख़राब श्रेणी का माना जाता है. यही वजह है कि इस जगह पर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है. पुलिस हेडक्वाटर के बाहर एक स्माॉग गन भी लगायी गयी है, ताकि हवा में धूल के कणों को बिठाने का काम किया जा सके. पेड़ों पर भी पानी का लगातार छिड़काव किया जा रहा है.

रानी झाँसी फ्लाईओवर-

दिल्ली के रानी झाँसी फ्लाईओवर पर विजिबिलिटी कल से बेहतर है. लेकिन प्रदूषण का स्तर ख़तरनाक लेवल पर पहुँच गया है. रानी झाँसी फ्लाईओवर से कूड़ा जलाने की तस्वीर भी सामने आ रही है. ग़ौरतलब है कि दिल्ली में GRAP प्लान लागू है ऐसे में कूड़ा जलाने पर सख़्त मनाही है. बावजूद उसके कूड़ा जलता हुआ दिख रहा है.

राजपथ-

राजपथ पर आज धुंध कम है, बावजूद इसके राष्ट्रपति भवन नही दिख रहा है. कल तो विजिबिलिटी और ज़्यादा कम थी. राजपथ पर एक व्यक्ति से बात की तो उसने बताया कि आंखों में जलन हो रही है.

आनंद विहार-

आनंद विहार में आज पॉल्युशन का एक्यूआई लेवल 473 पहुँच चुका है. पूरे इलाके में प्रदूषण बना हुआ है. ईस्ट एमसीडी के टैंकर आनन्द विहार बस अड्डे और उसके आसपास पानी का छिड़काव कर रहे हैं, जिससे की प्रदूषण कम किया जा सके.

देखें दिल्ली में सुबह 9 बजे कहां-कितना रहा AQI लेवल

आनंद विहार 473

आया नगर 440

बवाना 477

मथुरा रोड 450

द्वारका 476

एयरपोर्ट 453

आईटीओ 467

जहांगीरपुरी 490

लोधी रोड 409

नजफगढ़ 496

डीयू 474

पटपड़गंज 468

पूसा 463

शादीपुर 461

वजीरपुर 484