बारिश और ठंड के समय मांसपेशियों में होता है दर्द, जानें इसके कारण और रोकथाम के बारे में

बारिश और ठंड के मौसम में तापमान में गिरावट की वजह से मांसपेशियों में दर्द बढ़ जाता है. इस वजह से शरीर के सभी अंगों तक खून का संचार ठीक से नहीं हो पाता है. ऐसे में जो लोग पहले से जोड़ों की परेशानियों यानी ऑर्थोपेडिक समस्याओं से पीड़ित है, उन्हें ज्यादा मुश्किल होती है. myUpchar के अनुसार, मांसपेशियों में कमजोरी के कारण जलन, दर्द, बार-बार गिरना, मांसपेशियों के तालमेल में दिक्कत, मरोड़ और झटके महसूस होते हैं. आइए जानते हैं कि बारिश के मौसम में मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द से राहत के लिए क्या खाना चाहिए और कैसी दिनचर्या को अपनाना चाहिए.

ज्यादा से ज्यादा प्रोटीन का करें सेवन-

प्रोटीनयुक्त चीजों के सेवन से मांसपेशियां मजबूत होती हैं, क्योंकि प्रोटीन से शरीर में नई कोशिकाओं का निर्माण होता है. प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे अंडा, दूध, दही, अंकुरित अनाज आदि का ज्यादा से ज्यादा सेवन करना चाहिए. इससे मांसपेशियों का दर्द धीरे-धीरे कम होता है. यदि हो सके तो प्रोटीन को अपने नियमित खानपान में जरूर शामिल करें.
नहाते समय समुद्री नमक का करें इस्तेमाल

यह एक आयुर्वेदिक उपचार हैं. समुद्री नमक के इस्तेमाल से शरीर में मैग्नीशियम और अन्य खनिजों की पूर्ति होती है, जिससे न सिर्फ मांसपेशियों का दर्द ठीक होता है, बल्कि यह जोड़ों को भी मजबूत बनाता है. इसकी सिकाई से शरीर की मांसपेशियां लचीली होती हैं और जोड़ों का दर्द कम होता है.

विटामिन सी का भरपूर सेवन-

मांसपेशियों के दर्द से राहत पाने के लिए विटामिन सी से भरपूर चीजें फायदेमंद होती हैं. आप अमरुद व खट्टे फल खा सकते हैं, इसके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और मांसपेशियों में दर्द की समस्या कम होती है. विटामिन सी मौसमी बीमारियों से बचाने में भी मददगार होता है.

रोज 40 मिनट जरूर करें व्यायाम-

मांसपेशियों और जोड़ों की मजबूती के लिए नियमित रूप से व्यायाम करना जरूरी है. व्यायाम में स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज जरूर शामिल करें, क्योंकि इससे मांसपेशियों का स्वास्थ अच्छा होता है और दर्द कम होता है. स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज को दिन में दो बार करना ज्यादा फायदेमंद होता है. इसके साथ कुछ योगासन करने से बहुत जल्द आराम मिल सकता है.

तेल की मालिश है जरूरी-

मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द के लिए तेल की मालिश काफी अच्छा विकल्प माना जाता है. मालिश से शरीर में सभी अंगों में खून का संचार ठीक से होता है और रुका हुआ खून भी प्रवाहित होता है. मांसपेशियों की मालिश के लिए सरसों, नारियल, पिपरमिंट, लैवेंडर और जिरियम जैसे तेल का इस्तेमाल करना चाहिए. इन तेलों की मालिश से मांसपेशियों की ऐंठन कम हो जाती है और लचीलापन आता है. इसके अलावा जोड़ों का दर्द भी जल्द कम हो जाता है. मालिश और व्यायाम करने से शरीर में गर्मी आती है, जिससे वसा कम करने में मदद मिलती है.