गर्लफ्रैंड ने शादी से किया इंकार, लड़के ने लिखा 108 बार- मैं जोरु का गुलाम बनकर रहूंगा, जानें इसके बाद..

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के फैमिली कोर्ट में एक ऐसा अजीबो-गरीब मामला देखने को मिला, जो हर तरफ चर्चा का विषय बना रहा. दरअसल, इस फैमिली कोर्ट में एक लड़की सगाई के बाद मंगेतर के मजाक से इतना नाराज हो गई कि उसने अपने मंगेतर से शादी से ही इनकार कर दिया. इसके बाद मंगेतर ने शादी के लिए 108 बार ”मैं जोरू का गुलाम बनकर रहूंगा” लिखा. तब जाकर लड़की कहीं शादी के लिए तैयार हुई.

भोपाल फैमिली कोर्ट की काउंसलर सरिता राजानी ने बताया कि दोनों लड़के-लड़की मुंबई में नौकरी करते हैं. उनकी भोपाल में सगाई हुई थी. सगाई के बाद लड़की ने अपने होने वाले पति को मजाक में एक वीडियो भेज दिया था. इस कॉमेडी वीडियो में लॉकडाउन में पति बर्तन साफ करता दिख रहा था तथा पत्नी की इशारों पर नाच रहा था.

लड़की ने अपने होने वाले पति को कैप्शल लिखकर भेजा था कि शादी के बाद तुम पर भी यही लागू होगा. इसके बाद लड़के ने वीडियो के बदले जवाब दिया कि वह इस श्रेणी में शामिल नहीं है और ऐसे लोगों की अलग श्रेणी होती है. बस फिर क्या था, यह जवाब लड़की को इतना नागवार लगा कि लड़की ने दो मई 2020 को सगाई तोड़ दी.

इन दोनों जोड़ों की 20 मई को शादी होनी थी. इतनी छोटी सी बात पर लड़की द्वारा सगाई तोड़ने की बात जब परिवार वालों को पता चली तो वह काफी हैरान हुए. इसके बाद दोनों तरफ से लड़की को मनाने की कोशिशें शुरू हुईं. हालांकि लड़की अपनी जिद पर अड़ी रही और शादी न करने की बात कहती रही. इसके बाद लड़के के परिवार वाले फैमिली कोर्ट पहुंचे.

फैमिली कोर्ट में चार दिन तक लगातार लड़के और लड़की दोनों की काउंसलिंग की गई. इसके बाद लड़की लड़के से शादी करने के लिए मानी. फैमिली कोर्ट की काउंसलर राजानी ने बताया कि दोनों को समझाने में उन्हें चार दिन लगे. लड़के के अनुसार, इतनी छोटी सी बात का उसकी मंगेतर इतना बुरा मान जाएगी, पता नहीं था. इस दौरान लड़के ने सबके सामने लड़की से माफी भी मांगी और 108 बार लिखकर दिया कि मैं जोरु का गुलाम बनकर रहूंगा.

इसके अलावा लड़के ने अपनी मंगेतर को यह भी लिखकर दिया कि ‘मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं.’ काउंसलर ने बताया कि दोनों की बीच इसके बाद बात बन गई. अब दोनों की 10 जून को शादी होनी है. दोनों लड़का और लड़की मुंबई में एक जानी-मानी कंपनी में एक्जीक्यूटिव के पद पर काम करते हैं.