लखनऊ में दिवाली से पहले रात की ठंड और सिहरन बढ़ाएगी। हफ्तेभर से दिन व रात के पारे में लगभग आधा अंतर रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम पारा 14 से 17 के आसपास दर्ज हो रहा है। गुरुवार को 15 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक, जेपी गुप्ता ने बताया कि पूरे प्रदेश में शुष्क सामान्य मौसम की गतिविधियों के चलते दिन में आसमान साफ है और धूप निकल रही है। जबकि रात में पारा कम दर्ज हो रहा है। इससे सुबह व रात की ठंड बढ़ी है। विंड पैटर्न भी उत्तर-पश्चिम बना हुआ है।

जब तक मौसम सामान्य है, तब तक सुबह व रात की ठंड बढ़ती जाएगी और सुबह के समय धुंध रहेगी। नवंबर के पहले पखवाड़े में प्रदेश में न्यूनतम पारा सरकने से ठंडक में तेजी देखी जा सकती है।
एक हफ्ते में करीब 5 डिग्री गिरा न्यूनतम पारा –
बदलते मौसम का असर सुबह की सैर पर जाने वालों की वेशभूषा को देखकर भी लगाया जा सकता है। घरों में कूलर पहले ही बंद हो चुके हैं। पंखों की स्पीड भी रात व सुबह के समय एडजस्ट करनी पड़ रही है। एक हफ्ते में न्यूनतम पारे में करीब 5 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
अक्तूबर में यूं लुढ़का रात का पारा
तारीख पारा
अधिकतम न्यूनतम
29 33.2 14.6
28 32.0 15.7
27 32.5 16.7
26 32.7 16.2
25 34.0 17.8
24 33.8 17.5
23 33.3 20.1
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)