
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में हत्या कर नहर में फेंके गए नगर पंचायत मैलानी की अध्यक्ष के पति के शव का कोई सुराग तीसरे दिन भी नहीं लग सका। कई टीमें शारदा नहर में तलाश कर रही हैं। बता दें, बीती 11 अक्टूबर की शाम कुछ कार्य से नगर पंचायत मैलानी की अध्यक्ष के पति बाजार के लिए निकले थे, जो घर वापस नहीं लौटे। गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमें तलाश व जांच में जुट गई। मामले में अब तक पुलिस ने देवेंद्र प्रताप हत्याकांड में उनके ही करीबी दोस्त समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

तीसरे दिन भी नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस क्षेत्राधिकारी गोला आर के वर्मा ने बताया कि पानी बंद कराया गया है। मौजूदा समय में करीब तीन फुट पानी कम हो गया है। इसी के साथ गोताखोरों व तैराकों की टीम लगाई गई है। जो घटनास्थल से एक दूसरे के साथ जंजीर बनाकर बहाव में आगे बढ़ रहे है। पीएसी की प्लाटून फ्लड टीम के कर्मचारी शव की तलाश में काम कर रहे है। चूंकि मौसम के बदले तापमान में पानी ठंडा होने के कारण पानी में तलाश करने वालों को दिक्कत हो रही है। अमूमन गहरे पानी में डूबने के तीन चार दिन बाद ही शव पानी के ऊपर आता है। फिलहाल गहरे पानी में तलाशी अभियान जारी है।
कार में बैठकर विश्वासपात्र दोस्तों ने घोट दिया गला
मृतक के भाई मुनींद्र प्रताप ने 12 अक्टूबर को बड़े भाई की गुमशदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। धीरेंद्र उर्फ धीरू कई वर्षो से देवेंद्र के सहयोगी एवं विश्वासपात्र थे। पुलिस ने जब धीरू से पूछताछ की तो पूरी घटना का राजफाश हो गया। धीरू ने बताया कि उसने अपने दो साथियों रणजीत, अभिषेक के साथ गुमशुदा देवेंद्र को कार में लेकर चला। इनोवा कार में धीरू एवं अभिषेक ने देवेंद्र प्रताप की गाड़ी के भीतर ही रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी। तीसरा साथी सुमित मोटरसाइकिल से उनके पीछे चल रहा था । हत्या के बाद शव को नहर मे फेंक दिया गया, जिसकी तलाश की जा रही है।