स्मार्ट फोन पर 28 दिनों तक सक्रिय रह सकता है कोरोना का वायरस

कोविड-19 महामारी के शुरुआती दौर में अध्ययन के हवाले से विज्ञानियों ने कहा था कि कोरोना वायरस तीन घंटे से सात दिनों तक सक्रिय रह सकता है। अब एक अध्ययन में ऑस्ट्रेलिया के शोधार्थियों को पता चला है कि यह वायरस स्मार्ट मोबाइल फोन स्क्रीन जैसी चिकनी सतह पर 28 दिनों तक सक्रिय रह सकता है। यह वायरस कम तापमान में अधिक व ज्यादा तापमान में कम दिनों तक सक्रिय रहता है।

करंसी नोट, कांच व स्टेनलेस स्टील पर भी टिक सकता है लंबा : ऑस्ट्रेलियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिपेयर्डनेस यानी एसीडीपी की तरफ से कराए गए अध्ययन में यह बात सामने आई है कि कम तापमान, बिना छेद वाली और चिकनी सतह जैसे कांच, स्टेनलेस स्टील आदि पर कोरोना वायरस ज्यादा समय तक सक्रिय रह सकता है। इसके विपरीत छेद वाली सतह जैसे रूई आदि पर कोरोना वायरस कम समय के लिए सक्रिय रह पाता है। कॉमनवेल्थ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन यानी सीएसआइआरओ व ऑस्ट्रेलिया की नेशनल साइंस एजेंसी ने यह भी पाया कि वायरस प्लास्टिक करंसी की बजाय कागज के नोट पर ज्यादा समय तक सक्रिय रह सकता है। यह अध्ययन विज्ञान पत्रिका वायरोलॉजी में प्रकाशित हुआ है।