
केंद्र सरकार ने रविवार को कहा कि पिछले 15 दिनों में एमएसपी पर 37.92 लाख टन खरीफ धान खरीदा गया है। यह धान 3.22 लाख किसानों से खरीदा गया है, जिसका मूल्य 7,159.39 करोड़ रुपये है। इस वर्ष 26 सितंबर से पंजाब और हरियाणा में धान की खरीद शुरू हुई, जबकि अन्य राज्यों में इसकी शुरुआत पहली अक्टूबर से हुई। सरकार भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) और राज्य की एजेंसियों के माध्यम से एमएसपी धान खरीदती है। केंद्र सरकार ने चालू वर्ष के लिए सामान्य ग्रेड के धान का एमएसपी 1,868 रुपये प्रति क्विंटल और ए ग्रेड का 1,888 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

केंद्र सरकार ने चालू वर्ष के लिये धान का एमएसपी (सामान्य ग्रेड) 1,868 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जबकि ए ग्रेड किस्म की एमएसपी 1,888 रुपये प्रति क्विंटल तय की गयी है। सरकारी भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने इसी तरह चालू सत्र में 10 अक्टूबर तक 5,252 किसानों से 7,545 लाख रुपये के एमएसपी मूल्य पर 24,863 गांठ की खरीद की है।
इसके अलावा, नोडल एजेंसियों के माध्यम से सरकार मूल्य समर्थन योजना के तहत एमएसपी पर दालों और तिलहन की खरीद कर रही है, जो बाजार की दरों के समर्थन मूल्य से नीचे आने पर शुरू हो जाती है। इसके तहत 10 अक्टूबर तक हरियाणा और तमिलनाडु में 326 किसानों से लगभग 3.33 करोड़ रुपये के एमएसपी मूल्य पर 459.60 टन मूंग की खरीद की गयी है।