मंदिर के जमीनी विवाद में पुजारी को मारी गोली, शरीर में नहीं मिली बुलेट, हालत स्थिर

 उत्तर प्रदेश के गोंडा में रामजानकी मंदिर की जमीन के विवाद को लेकर पुजारी को गोली मारी गई। घटना में वह गंभीररूप से घायल हो गए। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। गोली उनके बाएं कंधे को छूकर निकल गई। हालत गंभीर देख किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले दो को हिरासत में लिया है। वहीं केजीएमयू के डॉक्टरों के मुताबिक भी पुजारी के शरीर में गोली नहीं मिली, वो कंधे से  आर-पार से हो गई है।

मंदिर की जमीन को लेकर चल रहा विवाद 

मामला इटियाथोक कोतवाली के तिर्रेमनोरमा का है। मंदिर के महंत सीताराम दास ने बताया कि रात में करीब दो बजे पुजारी सम्राट दास को गोली मार दी गई। गोली उनके बाएं कंधे पर लगकर निकल गई। मंदिर के महंत ने बताया कि रात में मंदिर की सुरक्षा में दो होमगार्ड भी तैनात थे। होमगार्ड की मौजूदगी के बाद भी अपराधियों ने आकर पुजारी को गोली मार दी। उनका कहना है कि मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। 150 बीघा जमीन का पूरा मामला है। क्षेत्र का एक अपराधी इसको लेकर कई बार धमकी दे चुका है। पहले भी कई बार विवाद हुआ लेकिन, प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है। एक माह पूर्व मंदिर के पुजारी ने इटियाथोक थानाध्यक्ष से सुरक्षा की गुहार लगाई थी लेकिन, इस पर ध्यान नहीं दिया गया।