प्रेसिडेंशियल डिबेट में भारत का जिक्र, ट्रंप ने अपने बचाव में लिया तीन देशों का नाम

अमेरिकी राष्‍ट्रपति चुनाव प्रचार अब अपने चरम पर पहुंच गया है। बुधवार को चुनाव की पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्‍मीदवार जो बिडेन और रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्‍याशी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप आमने-सामने पेश हुए। इस प्रेसिडेंशियल डिबेट में कई बार भारत का नाम भी सामने आया। इस दौरान राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कई बार भारत का नाम लिया। उन्‍होंने कहा कि भारत, रूस और चीन कोरोना वायरस के आंकड़े छिपा रहे हैं। इसलिए इन देशों की सही तस्‍वीर सामने नहीं आ रही है। डेमोक्रेटिक प्रत्‍याशी बिडेन ने देश में कोरोना वायरस के प्रसार पर ट्रंप को घेरा। बिडेन ने ट्रंप पर आरोप लगाया कि वह अमेरिका में वायरस के प्रसार को रोकने में विफल रहे हैं।

पहले भी भारत-अमेरिका की तुलना कर चुके हैं ट्रंप

राष्‍ट्रपति ट्रंप ने अपने संबोधन में यह आरोप लगाया कि भारत, चीन और रूस जैसे देश अपने यहां कोरोना वायरस संक्रमितों की सटीक जानकारी नहीं दे रहे हैं। इसके चलते इन देशों का सही तस्‍वीर सामने नहीं आ पा रही है। इन मुल्‍कों में कोरोना वायरस से कितने लोगों की मौत हुई है, यह आंकड़ा भी स्‍पष्‍ट नहीं है। गौरतलब है कि इसके पूर्व भी ट्रंप कई बार भारत-अमेरिका की तुलना कर चुके है। कोरोना वायरस की जांच के मामले टेस्टिंग की संख्‍या पर सवाल उठा चुके हैं।