जिंदगी होगी आसान, जानिए कल से क्‍या होने जा रहे हैं कई अहम बदलाव

एक अक्टूबर से कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहा है। ये बदलाव आपके जीवन और जेब को सीधे तौर पर प्रभावित करेंगे। इसलिए यह जानना जरूरी है कि किस नियम में क्या बदलाव होने जा रहा है।

ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी साथ रखना अनिवार्य नहीं 

सरकार ऑनलाइन पोर्टल के जरिये ड्राइविंग लाइसेंस व ई-चालान सहित वाहन से जुड़े अन्य दस्तावेज की ऑनलाइन निगरानी करने जा रही है। ऐसे में वाहन जांच के दौरान असली ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) पेश करने की जरूरत नहीं होगी। उनकी सॉफ्ट कॉपी भी मान्य होगी।

वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल की छूट

सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए वाहन चलाते समय नेविगेशन यानी रास्ते का पता लगाने के लिए मोबाइल के इस्तेमाल की छूट दे दी है। ध्यान रखना होगा कि इस दौरान चालक का ध्यान भंग न हो। हालांकि, मोबाइल पर बात करने की छूट नहीं होगी। बात करने की स्थिति में 1-5 हजार रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।