अगले 100 दिनों में हर स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र में चलेगा पानी का कनेक्शन देने का अभियान

जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक गांव के हर घर में नल से जलापूर्ति का लक्ष्य है, जो वर्ष 2024 तक पूरा करना है। लेकिन इसके पहले अगले एक सौ दिनों में ही देश के प्रत्येक स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र में नल से जलापूर्ति कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह घोषणा मंगलवार को जल जीवन मिशन के एक कार्यक्रम में की। स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में पानी का कनेक्शन लगाने में राज्यों की भूमिका अहम होगी।

उन्होंने इसके लिए राज्य सरकारों से इस दायित्व को अपने कंधों पर उठाने को कहा। इस अभियान की शुरुआत गांधी जयंती दो अक्तूबर से की जाएगी। जल जीवन मिशन का यह विशेष देशव्यापी अभियान स्वच्छ भारत मिशन के तौर पर चलाया जाएगा। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के साथ ग्राम पंचायतों की मदद ली जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सेहत के मद्देनजर इस अभियान को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। स्वच्छता अभियान के दौरान भी इसी तरह एक विशेष अभियान चलाकर पूरे देश के सभी स्कूलों में शौचालयों का निर्माण किया गया था। इसके चलते शौचालयों के अभाव में स्कूली पढ़ाई छोड़ देने वाली बच्चियों का दाखिला बढ़ गया। इसे स्थानीय स्तर पर बहुत सराहा गया है।