विजय माल्या मामला: जांच में मदद के लिए अदालत ने अमेरिका को जारी किया अनुरोध पत्र

सीबीआइ की विशेष अदालत ने भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ चल रहे करोड़ों रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले की जांच में मदद के लिए अमेरिका को अनुरोध पत्र (एलओआर) जारी किया है। मामले की जांच कर रही सीबीआइ ने इस बाबत एक आवेदन दाखिल किया था। इसी का संज्ञान लेते हुए विशेष न्यायाधीश जयेंद्र सी जगदाले ने सोमवार को एलओआर जारी किया।

अदालत को दिए अपने आवेदन में सीबीआइ ने कहा है कि उसे अमेरिका से कुछ नए सुबूतों की आवश्यकता है। यही नहीं, उसे मिल चुके कुछ सुबूतों के इस्तेमाल के लिए अमेरिका के अटॉर्नी जनरल की अनुमति भी चाहिए। उसने अदालत को बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि आइडीबीआइ और भारतीय स्टेट बैंक से ऋण प्राप्त करने के बाद मंजूर की गई राशि का दूसरे जगह इस्तेमाल किया गया। उदाहरण देते हुए कहा कि आइडीबीआइ बैंक से लिए गए ऋण में से 263.08 करोड़ रुपये की राशि टीडीएस के भुगतान लिए इस्तेमाल की गई।