श्रीलंका दौरे के लिए बांग्लादेश की टीम का ऐलान, इन 27 खिलाड़ियों को मिली जगह

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत बांग्लादेश और श्रीलंकाई टीम के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है, जिसकी शुरुआत अक्टूबर में होनी है। इसी टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। बांग्लादेश के 27 खिलाड़ी श्रीलंका के दौरे पर जाएंगे। हालांकि, बाद में इस टीम को छोटा कर दिया जाएगा। फिलहाल दोनों देशों के बीच क्वारंटाइन के समय को लेकर बातचीत चल रही है।

बांग्लादेश टीम के मुख्य चयनकर्ता मिन्हाजुल अबेदिन ने एक क्रिकेट वेबसाइट से बात करते हुए कहा, “हां, महमदुल्लाह को 27 सदस्यीय संभावित दल में शामिल कर लिया है, जो सरकार की अनुमति मिलने के बाद श्रीलंकाई दौरे पर जाएगा।” उन्होंने कहा है, “यह सिर्फ एक प्रारंभिक टीम है और हम इन सभी खिलाड़ियों के लिए वीजा पर काम कर रहे हैं, लेकिन जब हम दौरे से पहले आवासीय कैंप के लिए होटल में पहुंचेंगे तो इसमें सिर्फ 20 क्रिकेटर शामिल होंगे।”