बदायूं में मेडिकल कॉलेज की खिड़की से कूदे दुष्कर्म के संक्रमित आरोपित की गई जान,

उत्तर प्रदेश के बदायूं के मेडिकल कॉलेज में पिछले छह दिनों से भर्ती दुष्कर्म के आरोपित कोरोना संक्रमित की खिड़की से कूदने पर मौत हो गई। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित के कोराेना से संक्रमित होने पर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। अफसरों की मानें तो कोरोना संक्रमित ने मेडिकल कॉलेज की खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की थी। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि मामले में अभी तक पोस्टमार्टम कराने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

छह दिन पहले फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सिकरी गांव निवासी नरेश शर्मा पुलिस ने पिछले सात सितंबर को गिरफ्तार किया था। जांच में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को सुबह वह बाथरूम में जाकर बैठ गया। स्टाफ ने जब बाथरूम का दरवाजा खटखटाया तो पहले तो उसकी आवाज आती रही, लेकिन बाद में आवाज आनी बंद हो गई। दरवाजा तोड़ा गया तो खिड़की से चादर लटकी हुई थी। चादर छोटी होने की वजह से वह कूदा था, इसलिए उसके सिर और पैर में चोट आई थी।