केरल में सोना तस्करी और बेंगलुरु ड्रग रैकेट मामले के बीच कनेक्शन खंगालने की जांच शुरू

कस्टम विभाग ने केरल के सोने की तस्करी मामले और बेंगलुरु के ड्रग ट्रैफिकिंग केस के मुख्य आरोपित के बीच संबंध को खंगालने के लिए पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले ऐसा तूल पकड़ा है कि कांग्रेस और माकपा के बीच राजनीतिक तनातनी शुरू हो गई है। सूत्रों ने कहा कि सोने की तस्करी मामले में गिरफ्तार किए गए एक संदिग्ध के बेंगलुरु की ड्रग ट्रैफिकिंग मामले के मुख्य आरोपित से संबंध होने का शक है। इसलिए कस्टम विभाग कोर्ट में एक याचिका दायर करके ड्रग ट्रैफिकिंग मामले के मुख्य आरोपित इस व्यक्ति की आगे की जांच के लिए रिमांड मांगेगा।

फिलहाल सोने की तस्करी का यह आरोपित न्यायिक हिरासत में है। कस्टम इस संदिग्ध से गिरफ्तार किए गए व्यक्ति और उसके बीच के रिश्ते के बारे में और पूछताछ करेगा। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने माकपा के प्रदेश सचिव कोडियेरी बालाकृष्णनन के बेटे के बेंगलुरु स्थित ड्रग माफिया रैकेट के मुख्य आरोपित से रिश्ते को लेकर खरी-खोटी सुनाई है।