
कोरोना वायरस महामारी की वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 2020 के सीजन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया था। मार्च के तीसरे सप्ताह में पीएसएल 2020 के क्वालीफायर मैच खेले जाने थे, लेकिन दुनिया भर में बढ़ते कोरोना केसों को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने लीग को स्थगित कर दिया था। अब हालात सामान्य होने के बाद पीसीबी ने फिर से पीएसएल का शेड्यूल जारी कर दिया है।

पीसीबी ने बुधवार को PSL 2020 के बाकी बचे 4 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। पाकिस्तान सुपर लीग के ये मैच आईपीएल 2020 के फाइनल मुकाबले के बाद लाहौर में खेले जाएंगे। 14, 15 और 17 नवंबर को फाइनल समेत पीएसएल के बाकी चार मैच खेले जाने हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस बात की भी जानकारी दी है कि क्वालीफायर और एलिमिनेटर 1 ये दो मुकाबले एक दिन में खेले जाएंगे, जबकि अन्य दो दिन फाइनल और एलिमिनेटर 2 खेला जाएगा।
PSL 2020 को जब मार्च में समाप्त किया जा रहा था तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दो सेमीफाइनल और एक फाइनल कराने का ऐलान किया था, लेकिन अब फिर से बोर्ड ने आईपीएल की तर्ज पर दो एलिमिनेटर और एक क्वालीफायर मैच कराने का फैसला किया है, जबकि फाइनल मैच इन मैचों के बाद होना है। पीसीबी ने जो नई जानकारी शेयर की है उसके मुताबिक 14 नवंबर को एक क्वालीफायर और एलिमिनेटर 1 खेला जाएगा।
वहीं, 15 नवंबर को एलिमिनेटर 2 खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला मंगलवार 17 नवंबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ही खेला जाएगा। इन तारीखों को चारों टीमों के साथ मिलकर फाइनल किया गया है, जिन्होंने क्वालीफायर राउंड में जगह बनाई है। इन टीमों में मुल्तान सुल्तान्स, कराची किंग्स, लाहौर कलंदर्स और पेशावर जाल्मी का नाम शामिल है। ये मुकाबले किस समय से खेले जाएंगे, ये समय आने पर बताया जाएगा। सभी मुकाबला खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे।