भारतीय टीम के तेज गेंदबाज का दावा- विराट भईया का मेरे करियर में बड़ा प्रभाव

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने टीम के कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। नवदीप सैनी ने कहा है कि विराट कोहली को उन पर काफी भरोसा है और नेट्स में उनको मैच जैसी परिस्थिति में गेंदबाजी करने से उन्हें फायदा हुआ है। सैनी ने कहा है कि उनकी कोशिश अब अपनी खुद की पहचान बनाने की है, क्योंकि वे काफी मेहनत कर रहे हैं।

नवदीप सैनी ने पिछले साल आइपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया था। अपने पहले आइपीएल में ही युवा तेज गेंदबाज सैनी ने 11 विकेट हासिल किए थे। सैनी के प्रदर्शन से कप्तान कोहली भी काफी प्रभावित हुए थे। इसी के नतीजा था कि नवदीप सैनी को भारतीय टीम के लिए खेलने को मौका मिला, क्योंकि विराट कोहली इस समय भारतीय टीम के कप्तान भी हैं। सैनी और विराट आरसीबी के लिए आइपीएल भी खेलते हैं।